Himachal : सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने बनाया जीत का रिकॉर्ड, होशियार सिंह को हराया

punjabkesari.in Saturday, Jul 13, 2024 - 12:20 PM (IST)

हिमाचल डैस्क : देहरा की सीट पर हुए उपचुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली है। यहां पर पहली बार कांग्रेस अपना खाता खोलने में कामयाब हुई है। कमलेश ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को 9399 वोटों से हराया। साथ ही उन्होंने इस सीट पर अभी तक सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कमलेश को 32,737 वोट मिले, जो देहरा सीट पर किसी प्रत्याशी को मिले अबतक के सबसे ज्यादा वोट हैं।

PunjabKesari

नहीं लगी होशियार सिंह की हैट्रिक

कमलेश ठाकुर ने होशियार सिंह को देहरा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने से भी रोका। साल 2017 में होशियार ने पहली बार आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने बीजेपी के रविंदर सिंह रवि को 24, 206 वोट हासिल कर हराया था। फिर उसके बाद 2022 में होशियार ने 22,997 वोट लेकर कांग्रेस प्रत्याशी को हराया था। हालांकि, उन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया, जिस कारण उपचुनाव करवाने पड़े और होशियार सिंह को बीजेपी ने अपनी ओर से उम्मीदवार खड़ा कर दिया। हालांकि, होशियार सिंह को लेकर बीजेपी का जो दाव था वो उलट पड़ गया। 

PunjabKesari

किसे मिले कितने वोट

कांग्रेस- कमलेश ठाकुर (32737)
बीजेपी- होशियार सिंह (23338)
आजाद - सुलेखा चौधरी (171) 
आजाद - अरुण अंकेश सयाल (67)
आजाद - एडवोकेट संजय शर्मा (43)
नोटा - 150

PunjabKesari

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए इस बार 65.42% मतदान हुआ था। यह 2022 के मुकाबले 5.62% कम रहा। इससे पहले, 2022 में यहां पर 71.04% लोगों ने वोट डाला था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News