Himachal: एक मौत... और फिर दूसरी भी! एक साथ जली दो चिताएं....गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 05:40 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के जाहू गांव में एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। एक सास की मृत्यु के कुछ ही घंटों बाद उनकी बहू ने भी सदमे से प्राण त्याग दिए, जिसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। यह घटना सास-बहू के अटूट प्रेम और भावनात्मक बंधन की एक दुर्लभ और दुखद मिसाल बन गई है।

मृतक सास की पहचान 85 वर्षीय दमोदरी देवी के रूप में हुई, जो पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। बुधवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही उनकी 60 वर्षीय बहू, रमेश देवी, पूरी तरह से टूट गईं। रमेश देवी अपनी सास से बहुत प्रेम करती थीं और उनकी सेवा में हमेशा तत्पर रहती थीं। सास के शव को देखते ही वह उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं और इसी दौरान बेहोश हो गईं।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत रमेश देवी को सिविल अस्पताल भोरंज पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, रमेश देवी की मृत्यु सदमे या हृदय गति रुकने से हुई। यह दुखद घटना एक घंटे के भीतर ही घटी, जिससे पूरा परिवार और गांव सदमे में आ गया।

गांव वालों ने बताया कि सास और बहू के बीच मां-बेटी जैसा गहरा रिश्ता था। दोनों एक-दूसरे के बिना नहीं रह पाती थीं और हर सुख-दुख में साथ रहती थीं। दमोदरी देवी की मृत्यु का सदमा रमेश देवी सहन नहीं कर पाईं और उनके दिल ने भी काम करना बंद कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News