नई दिल्ली में हर्ष महाजन की अमित शाह व जेपी नड्डा से मुलाकात, सियासत गरमाई

Thursday, Oct 06, 2022 - 09:42 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): 45 वर्ष कांग्रेस में रहने के बाद भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन सत्तारूढ़ दल के लिए तुर्फ का इक्का साबित हो सकते हैं, ऐसे में भाजपा उनके सियासी अनुभव का पूरा लाभ उठाना चाहती है ताकि मिशन रिपीट के सपने को साकार किया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ वीरवार को नई दिल्ली में हुई मुलाकात को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार हर्ष महाजन की भाजपा के दोनों बड़े केंद्रीय नेताओं से प्रदेश के ताजा सियासी हालात और विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने से जुड़े विषय पर विस्तृत चर्चा हुई है। 

कांग्रेस में निभा चुके हैं किंग मेकर की भूमिका
ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा उनको आगामी समय में परिस्थिति को भांपते हुए चम्बा या शिमला जिला के किसी विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय ले सकती है। इसके विपरीत यदि उनको चुनाव मैदान में नहीं उतारा जाता तो उनके लंबे सियासी अनुभव का फायदा उठाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि हर्ष महाजन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सबसे करीबी नेताओं में से एक रहे हैं तथा कांग्रेस में रहते हुए सरकार बनाने में उनकी भूमिका किंग मेकर की रही है। अब भाजपा में शामिल होकर वह यही काम सत्तारूढ़ दल के लिए भी कर सकते हैं।

महाजन की शाह-नड्डा से शिष्टाचार भेंट : सुरेश कश्य
उधर, हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि पूर्व मंत्री हर्ष महाजन की केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ शिष्टाचार भेंट हुई है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay