Hamirpur: देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार UP का हमजा कोर्ट में पेश, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 06:55 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): कथित देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद हमजा को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पिछले काफी समय से हमीरपुर शहर की प्रताप गली स्थित एक दुकान में दर्जी (टेलर) का काम कर रहा था।
सदर थाना पुलिस ने केंद्रीय और राज्य खुफिया एजेंसियों से मिले पुख्ता इनपुट्स के आधार पर सोमवार शाम को उसे गिरफ्तार किया था। 3 दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद वीरवार दोपहर को सदर पुलिस ने आरोपी हमजा को दोबारा अदालत में पेश किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए। इससे पहले पुलिस रिमांड के दौरान जांच एजैंसियों ने आरोपी से उसके नैटवर्क और मकसदों को लेकर गहन पूछताछ की है।
पुलिस और खुफिया एजैंसियों की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि आरोपी मोहम्मद हमजा कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाऊंट्स का इस्तेमाल करके देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री सांझा कर रहा था। उसकी इन संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर खुफिया एजैंसियों ने अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने बताया कि अदालत के आदेशानुसार आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

