Hamirpur: हम तो 5 टुकड़ों में है फिर जुड़ जाएंगे, लेकिन कांग्रेस तो चूर-चूर हो चुकी है वह कैसे जुड़ेगी : जयराम
punjabkesari.in Saturday, Nov 08, 2025 - 08:14 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर पहुंच कर ही मुख्यमंत्री को करारा जवाब दिया। उन्होंने सर्किट हाऊस में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि भाजपा के 5 टुकटे हैं। उन्होंने कहा कि टुकटे तो जुड़ जाएंगे, लेकिन कांग्रेस तो चूर-चूर हो गई है और यह जुड़ भी नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं और हिमाचल में सुक्खू जी कांग्रेस की नैया डूबा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस सरकार में प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कर्जे में डुबोने के आरोप भाजपा पर लगाते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि हमने 5 सालों में 20 हजार करोड़ कर्जा लिया था, लेकिन सुक्खू सरकार ने 3 सालों में ही 35 हजार करोड़ का कर्जा ले लिया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में सबसे ज्यादा कर्जा लेने वाली सुक्खू सरकार में आज हर वर्ग दुखी है।
उन्होंने कहा कि पैंशनरों को पैंशन नहीं मिल रही, कर्मचारियों को वेतन समय पर नहीं मिल रहा है और ठेकेदार अपनी पेमैंट के लिए सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में कांग्रेस के ठेकेदार भी पेमैंट के लिए सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय मेरे साथ सभी सांसद प्रधानमंत्री, गृहमंत्री से मिले और प्रधानमंत्री ने प्रदेश का आपदा के दौरान दौरा भी किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ के पैकेज का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने की बजाय झूठ बोल रहे हैं। इस दौरान उनके साथ सदर विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल व पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा भी मौजूद थे।

