Hamirpur: मोदी की नीतियों से आज विदेशों में भी भारत की साख बढ़ रही है : अनुराग

punjabkesari.in Monday, Oct 07, 2024 - 05:25 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 23 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके दीर्घायु व ऊर्जावान जीवन की कामना की है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृतसंकल्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवैधानिक पद कार्यरत और सार्वजनिक जीवन में 23 वर्ष पूरे करने पर मैं शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं, साथ ही मैं उनके स्वस्थ, सुखी, दीर्घायु व ऊर्जावान जीवन की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने एक तरफ तो अंत्योदय की मूल भावना से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया तो वहीं दूसरी तरफ हमारे सांस्कृतिक विरासत को सहेजने व इसके वैभव को बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी की नीतियों से आज विदेशों में भारत की साख और गरिमा निरंतर बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की एक राष्ट्रसाधक के रूप में देशवासियों के लिए समर्पित जीवन यात्रा के हम सब साक्षी रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News