Hamirpur: पंजाब को ड्रग्स, बढ़ते कर्ज व गैंगस्टर संस्कृति ने पहुंचाया गंभीर नुक्सान : अनुराग
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 07:06 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद भवन में लोक लेखा समिति की बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब आज आम आदमी पार्टी के कुशासन, नशे, गैंगस्टर संस्कृति व अराजकता से मुक्ति चाहता है। पंजाब की जनता सुशासन और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब को ड्रग्स, बढ़ते कर्ज व गैंगस्टर संस्कृति ने गंभीर नुक्सान पहुंचाया है। राज्य अराजकता और माफियाराज से मुक्त होकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने शासनकाल में पंजाब के विकास के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण पिछले डेढ़ दशक में राज्य प्रगति के बजाय अपराध और अव्यवस्था की ओर धकेला गया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने बारी-बारी से सभी दलों को अवसर दिया, लेकिन कोई भी पंजाब के हितों की रक्षा करने में सफल नहीं रहा। ऐसे में आज भाजपा ही जनता के लिए एक सशक्त विकल्प के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब की दरकार डबल इंजन की सरकार है। यदि देश को नक्सलवाद से मुक्त किया जा सकता है तो पंजाब को भी गैंगस्टर और नशामुक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि झूठे वायदों के आधार पर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी के जाने का समय आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का आचरण विधानसभा से लेकर सार्वजनिक जीवन तक गरिमा के अनुरूप नहीं है और सत्ता में बने रहने के लिए आम आदमी पार्टी किसी भी स्तर तक गिर सकती है। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को भव्य रूप से मनाया गया तथा साहिबजादों के बलिदान दिवस को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की गई। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन भी मोदी सरकार के दौरान किया गया।

