Hamirpur: CM सुक्खू का भाजपा पर तीखा हमला, बोले-जयराम सरकार से विरासत में मिले कर्ज को चुकाने के लिए लेना पड़ रहा कर्ज

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 06:33 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व की भाजपा सरकार और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोला है। हमीरपुर के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी है, जिसे प्रदेश हित की नहीं, बल्कि सिर्फ चुनावों की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार ने प्रदेश की सम्पदा को जमकर लूटा और विरासत में 76,680 करोड़ रुपए का भारी-भरकम कर्ज छोड़कर गई है, जिसे चुकाने के लिए वर्तमान सरकार को भी कर्ज लेना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री अपने ड्रीम प्रोजैक्ट्स मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़, हैलीपैड जसकोट और बस अड्डे हमीरपुर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

दोस्तों को खुश करने के लिए बनाए 1000 करोड़ के खाली भवन
सीएम सुक्खू ने पूर्व सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार को राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) के तहत 48 हजार करोड़ रुपए मिले थे। अगर वे चाहते तो इसमें से 30 हजार करोड़ का कर्ज चुका सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने अपने दोस्तों को खुश करने के लिए एक हजार करोड़ रुपए के ऐसे भवनों का निर्माण करवाया, जो आज खाली पड़े हैं। सीएम ने कहा कि जब प्रदेश की आरडीजी बंद हुई तो जयराम ठाकुर अपने कार्यकर्ताओं को चुनावों के लिए तैयार होने को कह रहे थे, जो उनकी प्राथमिकता को दर्शाता है।

हमीरपुर को मिलेंगी दिल्ली एम्स जैसी सुविधाएं
विकास कार्यों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में दिल्ली एम्स के बराबर की सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ ही यहां उत्तर भारत का सबसे बड़ा कैंसर रिसर्च सैंटर व अस्पताल, मदर-चाइल्ड अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए 700-800 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि जारी कर दी गई है।

3 साल में पूरे होंगे ड्रीम प्रोजैक्ट्स
सीएम सुक्खू ने बताया कि उनके तीनों ड्रीम प्रोजैक्ट्स मेडिकल कॉलेज, बस अड्डा और हैलीपैड रिकॉर्ड 3 साल के भीतर बनकर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि बस अड्डे, हैलीपैड और मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक इसी साल मई तक बनकर तैयार हो जाएंगे। नए बस अड्डे में परिवहन विभाग और शहरी विकास के राज्य स्तरीय ऑनलाइन कार्यालय भी खुलेंगे। इसके अलावा, उन्होंने सीबीएसई स्कूलों में पीटीआई, संगीत और विज्ञान शिक्षकों की भर्ती करने तथा जरूरत के अनुसार एचपी बोर्ड के स्कूल खोलने का भी ऐलान किया। इस अवसर पर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, विधायक सुरेश कुमार, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया और कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News