Hamirpur: गुमशुदा नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने किया बरामद
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 04:46 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): महिला थाना पुलिस ने गुमशुदा हुई 2 नाबालिग लड़कियों को बरामद करने में सफलता हासिल की है। किशोरियों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बता दें कि 23 फरवरी को गुमशुदा किशोरियों के परिजनों ने उनके गुमशुदा होने की शिकायत महिला थाना में दर्ज करवाई थी, जिसके उपरांत महिला थाना प्रभारी इंस्पैक्टर प्रिया ने पुलिस टीम के साथ उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने उन्हें बुधवार रात को हमीरपुर के किसी क्षेत्र से बरामद कर लिया है।
बता दें कि इंस्पैक्टर प्रिया ने गुमशुदा महिलाओं और युवतियों को बरामद करने के लगभग सभी मामलों में कामयाबी हासिल की है। प्रिया ने बीते दिनों भी हमीरपुर में ह्यूमन ट्रैफिकिंग और कोहली में बच्चियों से यौन शोषण जैसे संवेदनशील मामलों को सुलझाने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने को लेकर पुलिस को कामयाबी दिलाई है। एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग लड़कियों को महिला थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है। उन्हें औपचारिकताएं करने के उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

