फर्जी डिग्री मामले में शांता कुमार के सवालों का जवाब दे भाजपा : राणा

punjabkesari.in Monday, May 23, 2022 - 11:34 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): सोलन फर्जी डिग्री मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के सख्त और तलख तेवर बता रहे हैं कि भाजपा राज में सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार को लगातार बढ़ावा मिला है। सत्ता के प्रभाव से मामलों को दबाने व असली गुनहगारों को बचाने का खेल बखूबी चला है। यह बात प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रैस बयान में कही है।

राणा ने कहा कि लगातार चले भ्रष्टाचार के एक के बाद एक मामलों से अगर भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार आहत हैं और अपनी स्पष्टवादिता के चलते इस मामले पर उंगली उठा रहे हैं, तो भाजपा राज में चले भ्रष्टाचार के आरोप सबूतों में बदलने के लिए काफी हैं। राणा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने इस मामले पर सरकारी गुप्तचर एजैंसियों को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल खड़ा किया है कि कि इस मामले में सरकारी गुप्तचर एजैंसियां सरकार को जानकारी क्यों नहीं दे सकी हैं।

भर्ती घोटालों में कलंकित हुई भाजपा सरकार के माथे पर अब एक ओर पुलिस पेपर लीक मामले का कलंक लगा है। लेकिन सरकार हकीकत से बचते हुए इधर-उधर की बातें कर रही है। राणा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर कांग्रेस और लाखों फर्जी डिग्री का शिकार हुए लोगों की पीड़ा भाजपा को समझ नहीं आई है तो अब कम से कम पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा पेश किए गए तथ्यों व तर्कों के आधार पर सरकार इस मामले के असली गुनहगारों को बेनकाब करे। राणा ने कहा कि भाजपा यह न भूले कि समय आने पर जनता भाजपा के भ्रष्टाचार का जवाब देगी और खूब देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News