कांग्रेस राज में हिमाचल में तालाबंदी की सरकार : अनुराग

punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2024 - 06:08 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा जनहित में भाजपा सरकार द्वारा लिए गए ग्रामीण इलाकों को मुफ्त जलापूर्ति व पुलिस कर्मियों की एचआरटीसी में निःशुल्क यात्रा जैसे निर्णयों पर रोक लगाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तालाबंदी की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार आकंठ अहंकार में डूब चुकी है।

कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की जनहित की योजनाओं को एक-एक करके बंद किया जाना इनके अहंकार और हिमाचल की जनता के प्रति इनकी दुर्भावना को दिखाता है। भाजपा सरकार द्वारा लिए गए ग्रामीण इलाकों को मुफ्त जलापूर्ति व पुलिस कर्मियों की एचआरटीसी में निःशुल्क यात्रा जैसे निर्णय पर कांग्रेस सरकार द्वारा रोक लगाना अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने हिमाचल में तालाबंदी की सरकार दी है, जिसका काम भाजपा के अच्छे और जनहित के कार्यों पर ताला लगाना है।

उन्होंने कहा कि अपनी विलासिता और खर्चों पर कटौती करने की बजाय यह सरकार जनता पर हर दिन खर्चों का बोझ बढ़ाती जा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2019 में भाजपा ने अपने कार्यकाल में हिमाचल में आयुष्मान भारत योजना से छूट गए लोगों को कैशलैस इलाज देने के लिए हिमकेयर योजना को शुरू किया था, जिससे प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिल रहा था। सरकारी अस्पतालों में अच्छा इलाज न मिल सकने की स्थिति में प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा सकने की सुविधा जनता के लिए वरदान बनी थी।

मगर हिमाचल प्रदेश में जनता का सहारा बनी हिमकेयर योजना को कांग्रेस सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए बंद करने का तुगलकी फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अहंकारी कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से उनका सहारा छीनने का काम किया है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News