Hamirpur: ब्रिटिश संसद में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को अंतर्राष्ट्रीय सम्मान, हिमाचल के लिए गौरव का क्षण : अभिषेक
punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 08:23 PM (IST)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को उसके उत्कृष्ट और निःस्वार्थ जनकल्याणकारी कार्यों के लिए ब्रिटिश संसद में अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान इंटरनैशनल समिति एंड अवार्ड कार्यक्रम के तहत दिया गया, जिसमें विश्वभर से आई सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा क्षेत्र की विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया।
यह हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष गर्व की बात है कि जनसेवा के क्षेत्र में पहली बार प्रदेश की किसी संस्था को इतने बड़े मंच पर सम्मान प्राप्त हुआ है। यह कार्यक्रम यूनाइटेड किंगडम की ब्रिटिश संसद के हाऊस ऑफ लॉर्ड्स में आयोजित किया गया, जिसमें लॉर्ड्स, मंत्रीगण और अनेक गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को यह सम्मान इकबाल हुसैन मोहम्मद ब्रिटिश सांसद तथा मार्क लीगो ब्रिटिश लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ऑक्सफोर्ड लॉर्ड मेयर द्वारा प्रदान किया गया, जहां कनिष्क नारायण भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद, लॉर्ड रावल सहित अन्य विभूतियां भी मौजूद रहीं।

ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा सम्मान ग्रहण करने विशेष तौर से लंदन पहुंचे। उन्होंने कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की नींव पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद वर्ग की निःस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ 25 वर्ष पहले रखी थी। उनकी दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन ही आज ट्रस्ट की पहचान और मजबूती का आधार है।
यह सम्मान विशेष रूप से ट्रस्ट द्वारा वर्षों से आयोजित किए जा रहे निःशुल्क मैडीकल कैंपों और व्यापक जनसेवा कार्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के ऑप्रेशन और विशेष उपचार का खर्च भी ट्रस्ट स्वयं वहन करता है। राणा ने कहा कि इस सम्मान का श्रेय केवल संस्था या किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी समाजसेवियों, चिकित्सकों और कार्यकर्त्ताओं को जाता है, जो वर्षों से निःस्वार्थ भाव से ट्रस्ट के साथ जुड़े हुए हैं।

