Kullu: लाहौल-स्पीति में ग्रे घोस्ट एमटीबी चैलेंज 4.0 का आगाज, DC किरण भड़ाना ने दिखाई हरी झंडी
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 02:53 PM (IST)
केलांग (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में साहसिक खेलों और साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2 दिवसीय ग्रे घोस्ट एमटीबी चैलेंज 4.0 साइकिलिंग प्रतियोगिता का शनिवार को आगाज हुआ। डीसी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि इस रोमांचक प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के इस चौथे संस्करण की आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया।
दुर्गम रास्तों पर शारीरिक क्षमता और संतुलन की परीक्षा
साइकिलिंग प्रतियोगिता के अध्यक्ष सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020-21 में शुरू हुई यह प्रतियोगिता अब अपने सफल चौथे संस्करण में पहुंच चुकी है। इस बार रेस का आयोजन ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर किया जा रहा है, जो लापचंग, कारदंग और बरवोग गांवों के दुर्गम और चुनौतीपूर्ण रास्तों से होकर गुजरेगा। प्रतियोगिता में मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 आयु वर्गों में करीब 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार दूसरे दिन प्रतिभागियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। इस चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर साइकिलिस्टों को अपनी सहनशक्ति, संतुलन और साइकिलिंग कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात
डीसी किरण भड़ाना ने सभी प्रतिभागियों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में साहस, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने साइकिलिस्टों से आग्रह किया कि वे रोमांच के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें। डीसी ने आयोजन के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी या चोट लगने की स्थिति में त्वरित प्राथमिक उपचार सुनिश्चित करने के लिए ट्रैक पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम तैनात की गई है।
पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी नई पहचान
इससे पहले, साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार और महासचिव अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि डीसी किरण भड़ाना को पारंपरिक लाहौली टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रशासन और आयोजकों को उम्मीद है कि ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज का यह आयोजन लाहौल-स्पीति की प्राकृतिक सुंदरता को निखारने के साथ-साथ इस क्षेत्र को एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन के मानचित्र पर एक नई और सशक्त पहचान दिलाएगा। इस अवसर पर प्रतिभागी, आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय लोग भारी संख्या में मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

