कांग्रेस ने 55 साल देश को लूटा, भाजपा ने 55 माह में किए ऐतिहासिक काम : गोविंद ठाकुर

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2019 - 05:47 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): शनिवार को कुल्लू स्थित भुंतर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा कुल्लू मंडल द्वारा आयोजित सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर वन, परिवहन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक देश को लूटने का काम किया है जबकि हमारी सरकार ने 55 माह के कार्यकाल में ऐतिहासिक काम किए हैं। यदि यह काम पहले से होते तो आज देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में होता। देश को आगे बढ़ाना है तो नरेंद्र मोदी को दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनाना होगा।

भाजपा के लिए देश, कांग्रेस के लिए पार्टी और परिवार सर्वोपरि

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है और कांग्रेस के लिए पार्टी और परिवार। कांग्रेस के कार्यकाल में जब आतंकी हमले हुए तो सेना ने बदला लेने की अनुमति मांगी लेकिन कांग्रेस सरकार निंदा करने तक सीमित रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जब भी देश में राज किया भ्रष्टाचार, मंहगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबा साहब अंबेदकर ने समाज में आई बुराइयों को समझा और उन्हें दूर करने का बीड़ा उठाया। वंचित वर्ग में प्रेरणा जगाकर उसमें ऊपर उठने की ललक जगाई। उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी समाज में व्याप्त दु:ख और अभावों को दूर करने का संकल्प लिया। उन्होंने समरस समाज के विचार को प्रतिष्ठित करने का सत्प्रयास किया।

समाज से दूर करना होगा जातिभेद

उन्होंने कहा कि हमारे देश में सभी विविधताओं में सबसे अधिक चर्चा जातिगत व्यवस्था की होती है। जातिभेद के कारण ही सामाजिक समस्याएं पैदा होती हैं और ये समस्याएं विषमता को जन्म देती हैं, जिसके कारण संघर्ष होता है। इसलिए समाज से जातिभेद को दूर करना होगा। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 5 साल में कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। देश की तरफ आंख उठाकर देखने वालों को सर्जिकल और एयर स्ट्राइक से मुंहतोड़ जवाब दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News