Himachal: 26 जुलाई को होगा अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले का आगाज, ऐतिहासिक चौगान में राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 07:18 PM (IST)

चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश की अनूठी संस्कृति और समृद्ध विरासत के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के आगाज की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश के राज्यपाल कविन्दर गुप्ता 26 जुलाई को चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में इस अंतर्राष्ट्रीय मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। चम्बा के डीसी मुकेश रेपस्वाल ने राज्यपाल के 3 दिवसीय प्रवास और मेले के शुभारंभ कार्यक्रम का शैड्यूल जारी कर दिया है।

25 जुलाई को डल्हौजी पहुंचेंगे राज्यपाल
राज्यपाल के प्रवास की जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि राज्यपाल कविन्दर गुप्ता 25 जुलाई की शाम को डल्हौजी पहुंचेंगे। अपने प्रवास के पहले दिन उनका रात्रि विश्राम डल्हौजी स्थित परिधि गृह में रहेगा। प्रशासन ने उनके स्वागत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।

मंदिर में मिंजर अर्पित करने के बाद चौगान में होगा शुभारंभ
26 जुलाई को सुबह 10 बजे राज्यपाल ऐतिहासिक श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे पूरे विधि-विधान के साथ भगवान को मिंजर अर्पित करेंगे। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे राज्यपाल चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में पहुंचेंगे और अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का आधिकारिक तौर पर शुभारंभ करेंगे।

सांस्कृतिक संध्या का करेंगे आगाज, 27 को पठानकोट के लिए होंगे रवाना
मिंजर मेले का मुख्य आकर्षण इसकी रंगारंग सांस्कृतिक संध्याएं होती हैं। डीसी ने बताया कि 26 जुलाई को ही रात 8:35 बजे राज्यपाल मिंजर मेला-2026 के तहत आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या का भी शुभारंभ करेंगे। इस दिन उनका रात्रि ठहराव चम्बा के परिधि गृह में रहेगा। मेले का शुभारंभ करने के अगले दिन यानी 27 जुलाई को सुबह 9 बजे राज्यपाल कविन्दर गुप्ता चम्बा से पठानकोट के लिए प्रस्थान करेंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News