Hamirpur: राज्यपाल ने सुनीं पूर्व सैनिकों की समस्याएं, शहीद स्मारक के निर्माण को ₹5 लाख की घोषणा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 05:56 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हमीरपुर प्रवास के दौरान मंगलवार सायं पूर्व सैनिकों से विशेष भेंट की। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण व हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। राज्यपाल ने हमीरपुर में प्रस्तावित शहीदी स्मारक के निर्माण कार्य को गति देने के लिए अपनी ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की बड़ी घोषणा भी की।

बैठक के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यपाल को पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं व चुनौतियों से अवगत करवाया। इसके साथ ही, ब्रिगेडियर शर्मा ने हमीरपुर में लंबे समय से लंबित प्रस्तावित शहीद स्मारक के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट भी राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की।

पूर्व सैनिकों की शिकायतों और मांगों को सुनने के बाद राज्यपाल ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके हकों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की जायज मांगों और समस्याओं को समाधान के लिए राज्य सरकार के समक्ष उचित स्तर पर और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके। इसी कड़ी में उन्होंने शहीद स्मारक के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।

राज्यपाल ने हमीरपुर में शहीदी स्मारक के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने क्षेत्र के सभी सांसदों और विधायकों से भी इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग और आर्थिक योगदान देने का आह्वान किया। देश के वीर जवानों को नमन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह शहीदी स्मारक हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, अप्रतिम वीरता और राष्ट्र रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति एक सच्ची एवं गरिमापूर्ण श्रद्धांजलि होगा। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार का यह परम दायित्व है कि वे देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों का पूरा सम्मान करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News