कसौली गोलीकांड : राज्यपाल ने DGP SR Mardi को तलब कर दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 11:58 PM (IST)

शिमला: कसौली गोलीकांड के बाद राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) सीता राम मरड़ी को तलब किया। उन्होंने घटना पर चिंता जताई और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखने के निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम रखना पुलिस की जिम्मेदारी है ताकि लोगों को भरोसा रहे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनुपालना कर रही सहायक नगर नियोजन अधिकारी शैल बाला की गोली मारकर हत्या करने जैसी घटना दोबारा घटित नहीं होनी चाहिए। राज्यपाल और डी.जी.पी. के बीच करीब आधा घंटा तक इस मुद्दे पर बात हुई। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि अवैध निर्माण को तुड़वाने के लिए पहुंची पुलिस गोली चलते ही कैसे भाग खड़ी हुई, जिससे गोली मारने वाला भागने में सफल रहा।
PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने कसौली घटनाक्रम से करवाया अवगत
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की तथा कसौली घटनाक्रम से उनको अवगत करवाया। इस दौरान उनकी कृषि और बागवानी से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके तहत मुख्यमंत्री ने शून्य लागत प्राकृतिक कृषि के क्रियान्वयन में प्रगति के लिए राज्यपाल की सराहना की और इसे प्रदेश में क्रियान्वित करने का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने कृषि विभाग के माध्यम से प्राकृतिक कृषि पर किसान शिविरों तथा प्रदर्शनियों को आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि संयुक्त प्रयासों से हिमाचल प्रदेश देश में प्राकृतिक कृषि करने वाला अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय करोल ने भी की मुलाकात
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय करोल ने भी शुक्रवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार यह शिष्टाचार भेंट थी, जिसमें उन्होंने राज्यपाल को पारिवारिक समारोह में आने का न्यौता दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News