शहर के BPL कार्डों पर सरकार लेगी फैसला, नए सिरे से होगा सर्वे

Saturday, Nov 09, 2019 - 10:31 AM (IST)

शिमला (वंदना): शिमला शहर के बी.पी.एल. कार्डों को लेकर नए सिरे से सर्वे हो सकता है। सरकार पुराने सर्वे को रद्द कर जल्द ही नए सिरे से बी.पी.एल. के लिए शिमला में सर्वे करवा सकती है। बी.पी.एल. सूची में फर्जीवाड़े के बाद से नगर निगम प्रशासन ने शिमला में बी.पी.एल. कार्ड बनाने बंद कर दिए हैं और न ही एम.सी कार्ड का नवीनीकरण कर रहा है। इसी के चलते पिछले एक साल से शिमला में बी.पी.एल. कार्ड नहीं बन पाए हैं, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार जल्द ही बी.पी.एल. सूची को लेकर फैसला ले सकती है। नगर निगम की ओर से नए सिरे से सर्वे करवाने की मांग प्रदेश सरकार के समक्ष रखी गई है।

एम.सी. ने शहर में दोबारा से बी.पी.एल. सूची तैयार करने की मांग की है ताकि पात्र लोगों को इस सूची में जगह मिल सके और शहरी गरीब लोगों को लाभ मिल सके। नगर निगम पार्षद भी प्रशासन से लगातार सर्वे नए सिरे से करवाने की मांग कर रहे हैं ताकि शहर के लोगों के बी.पी.एल. कार्ड बन सकें। निगम पार्षद सदन में बी.पी.एल. कार्ड में फर्जीवाड़े होने के बाद से पुराने सर्वे को रद्द कर नए सर्वे करवाने की मांग कर चुके हैं। सदन से प्रस्ताव पारित कर सरकार की मंजूरी को भेजा गया है लेकिन अभी तक इस मामले पर कोई फैसला नहीं हो पाया है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। बी.पी.एल. कार्ड बनाने को लेकर रोजाना शहरी गरीब निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। एम.सी. कार्ड का नवीनीकरण भी नहीं कर रहा है, जिससे लोगों की परेशानी ज्यों की त्यों बनी हुई है।

Edited By

Simpy Khanna