12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित करने सरकार ने तैयार किया नया प्रस्ताव

Wednesday, Apr 29, 2020 - 02:39 PM (IST)

शिमला : 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोशित करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक नया प्रस्ताव तैयार किया है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने यह खुलासा किया। राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड 12वीं कक्षा का भूगोल के साथ कंप्यूटर साइंस का पेपर भी लेगा। वोकेशनल विषयों में असेसमेंट आधार पर नंबर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वोकेशनल के 11 ट्रेड में साल भर की गतिविधियों के आधार पर विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। प्री बोर्ड परीक्षाओं के अंक भी इसमें शामिल किए जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि 10वीं कक्षा की सभी परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। तीन मई के बाद 10वीं  कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 50 केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों में शिक्षकों को बुलाकर उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल सौंपे जाएंगे। शिक्षक घरों में बंडल ले जाकर जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि 12वीं कक्षा का भूगोल, कंप्यूटर सांइस और वोकेशनल के पेपर नहीं हुए हैं। सरकार ने फैसला लिया है कि भूगोल के साथ अब कंप्यूटर सांइस का पेपर भी होगा। वोकेशनल विषयों में विद्यार्थियों को असेसमेंट के आधार पर नंबर दिए जाएंगे। असेसमेंट के तहत अन्य चार विषयों में प्राप्त अंकों और वोकेशनल के संबंधित ट्रेड में साल भर रहे प्रदर्शन के आधार पर नंबर दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी जल्द से जल्द घोषित करने का प्रयास जारी है।
 

Edited By

prashant sharma