अलविदा Rajvir Jawanda! अंतिम तस्वीर देख आंखें हुई नम....
punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 12:48 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। पंजाबी संगीत इंडस्ट्री ने अपने एक चमकते सितारे को खो दिया है। युवा और लोकप्रिय गायक राजवीर जवंदा का असामयिक निधन हो गया है, जिससे पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी मौत की खबर सुनते ही उनके लाखों प्रशंसकों और साथी कलाकारों में गहरा दुख छा गया है।
जिंदगी और मौत की जंग हारे राजवीर
राजवीर जवंदा की मौत का कारण 27 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश में हुआ एक भयानक सड़क हादसा था। इस दुर्घटना में उन्हें रीढ़ की हड्डी और मस्तिष्क पर गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। करीब दस दिनों तक उन्होंने जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर मौत से जंग लड़ी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
अंतिम दर्शन
राजवीर जवंदा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव पोना में किया जा रहा है, जो लुधियाना जिले में स्थित है। इस अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए उनके चाहने वाले और प्रशंसक बड़ी संख्या में गांव पहुंच रहे हैं। उनकी अचानक विदाई ने पंजाबी संगीत की दुनिया में एक बड़ा खालीपन छोड़ दिया है। उनके गीत और उनकी आवाज़ हमेशा उनके प्रशंसकों के दिलों में ज़िंदा रहेगी।