Himachal: गोकुल बुटेल ने CM सुक्खू को भेंट की नेताजी सुभाष चंद्र बोस की हस्ताक्षरित दुर्लभ तस्वीर
punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 10:31 PM (IST)

शिमला (संतोष): मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल टैक्नोलॉजी एंड गवर्नैंस) गोकुल बुटेल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की एक दुर्लभ हस्ताक्षरित तस्वीर भेंट की। यह ऐतिहासिक तस्वीर गोकुल बुटेल को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के भतीजे सूर्य बोस ने हाल ही में जर्मनी के हैम्बर्ग की यात्रा के दौरान भेंट की थी, जिसे गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्री को भेंट किया। गोकुल बुटेल ने हाल ही में हैम्बर्ग इंडिया वीक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लिया था। इस अंतर्राष्ट्रीय मंच ने भारत-जर्मनी संबंधों को मजबूती प्रदान करने का व्यापक मंच प्रदान किया। नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के साथ हैम्बर्ग के विशेष संबंध पर प्रकाश डाला गया।
बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वर्ष 1942 में जर्मनी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने फ्री इंडिया सैंटर की स्थापना और इंडियन लीजन का गठन किया था। इस अवधि के दौरान बोस ने जर्मन संगीतकार विल्हेम हेलबर्ग को जन-गण-मन के पहले ऑर्केस्ट्रा और सैन्य बैंड संस्करण की व्यवस्था करने के लिए नियुक्त किया गया था और जिसे हैम्बर्ग में रचा और रिकॉर्ड किया गया था। इस प्रस्तुति को आजाद हिंद आंदोलन के राष्ट्रीय गीत के रूप में अपनाया गया और इसे इंडियन लीजन के आधिकारिक कार्यक्रमों और सैन्य परेडों में बजाया गया और बाद में इसे भारतीय राष्ट्रगान के रूप में अपनाया गया। हैम्बर्ग को वह शहर होने का गौरव प्राप्त है, जहां भारतीय राष्ट्रगान को पहली बार संगीतबद्ध और प्रस्तुत किया गया, यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम में एक गहन सांस्कृतिक मील पत्थर है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक