Una: कटान कर रहे लोगों ने वन विभाग की टीम पर की फायरिंग
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 07:56 PM (IST)
गगरेट (बृज): पंजाब के होशियारपुर जिले के चौहाल क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पंजाब वन विभाग ने आरोप लगाया है कि जंगल में खैर के पेड़ों का कटान कर रहे कुछ लोग वन विभाग की टीम को देखकर लकड़ी से भरी एक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, भागते समय वन कर्मियों पर फायरिंग भी की। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और वन विभाग की टीम बाल-बाल बच गई। उधर, गगरेट उपमंडल के संघनई गांव के एक व्यक्ति ने पंजाब वन विभाग के कुछ कर्मियों पर उसे जबरन उठाकर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए गगरेट पुलिस थाना में शिकायत पत्र सौंपा है। पंजाब वन विभाग के होशियारपुर में तैनात वन खंड अधिकारी अवतार सिंह के अनुसार विभाग की टीम बुधवार तड़के नियमित गश्त पर थी।
इसी दौरान चौहाल के समीप जंगल क्षेत्र में अवैध खैर कटान की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर दबिश दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम को देखते ही कथित खैर तस्कर खैर की लकड़ी से लदी गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि फरार होते समय आरोपियों ने वन कर्मियों पर गोली भी चलाई। अवतार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और पूरा मामला अब होशियारपुर पुलिस के विचाराधीन है। पुलिस स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, गगरेट उपमंडल के संघनई गांव निवासी फतेह सिंह ने पंजाब वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
फतेह सिंह का कहना है कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ वाहन में कहीं जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताते हुए उसे जबरन पकड़ लिया और अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की गई और वह किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। फतेह सिंह ने इस संबंध में गगरेट पुलिस थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गगरेट पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

