युवक को विदेश में पढ़ाई का सपना पड़ा महंगा, शातिरों ने पहले ₹20.41 लाख ठगे...फिर पीड़ित के नाम पर लोन लेकर खरीदी गाड़ी
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:07 PM (IST)
घुमारवीं (जम्वाल): विदेश में पढ़ाई करने का सपना देख रहे एक युवक को वीजा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामला केवल ठगी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि आरोपियों ने पीड़ित के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन लिया और उससे गाड़ी तक खरीद ली। इतना ही नहीं, उन्होंने युवक के बैंक खाते का भी जमकर दुरुपयोग किया। घुमारवीं पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला के ढटवाल तहसील के रहने वाले 24 वर्षीय निशांत ठाकुर ने घुमारवीं पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। निशांत का आरोप है कि पंतेहड़ा के अभिषेक कुमार शर्मा और घुमारवीं के एक अधिवक्ता मनीष शर्मा ने उसे विदेश में पढ़ाई के लिए वीजा दिलवाने का लालच दिया। अपना उज्ज्वल भविष्य बनाने की चाह में निशांत उनकी बातों में आ गया और उन्हें धीरे-धीरे कुल 20,41,364 रुपए की बड़ी राशि दे दी। यह भुगतान नकद के साथ-साथ गूगल-पे और एनईएफटी के माध्यम से किया गया था।
आरोप है कि पैसे ऐंठने के बाद भी आरोपियों ने न तो निशांत को वीजा उपलब्ध करवाया और न ही उसके पैसे वापस किए। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने युवक की जानकारी के बिना उसके फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों ने निशांत के नाम पर बैंक से लोन लिया और उस राशि से एक गाड़ी खरीद ली। इसके अलावा, उन्होंने पीड़ित के बैंक खाते का भी अपने निजी स्वार्थ के लिए दुरुपयोग किया।
पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और तुरंत घुमारवीं थाना में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है और फर्जीवाड़ा किस स्तर पर किया गया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

