Una: 3 किस्तों में लुटा चुका एक लाख, न पैसा वापस मिला और न बनी शादी की बात
punjabkesari.in Wednesday, Feb 12, 2025 - 07:05 PM (IST)
भरवाईं (जुगल): शातिर ठग नए-नए तरीके अपनाकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी को अंजाम देते हैं। ऊना जिला के उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव का व्यक्ति एक लाख रुपए की ठगी का शिकार हो चुका है। मामला यह है कि इस व्यक्ति की आयु 40 वर्ष हो चुकी है तथा शादी नहीं हो रही है। यह व्यक्ति पंजाब की एक महिला के झांसे में आकर 3 किस्तों में 1 लाख रुपए लुटा चुका है। उसका पैसा भी गया और शादी की बात भी नहीं बनी। इस व्यक्ति के पिता ने बताया कि उसका बेटा एक फैक्टरी में काम करता है। वहां पर लड़के की दोस्ती एक व्यक्ति से हो गई। उसने बताया कि मेरी जान-पहचान की एक महिला रिश्ते करवाती है। अगर तुम अपने पिता से बात करो तो यह महिला तुम्हारी शादी करवा देगी।
लड़के के पिता ने उस महिला से मिलकर शादी की बात की। महिला ने इस व्यक्ति से 3 बार कुल राशि 1 लाख ले ली तथा लड़की दिखाकर शादी की बात पक्की कर दी। समय बीत रहा था फिर लड़के के पिता ने इस महिला से संपर्क किया कि अब शादी की तारीख कब तय है तो महिला ने बताया कि लड़की यह रिश्ता नहीं करना चाहती। जब लड़के के पिता ने पैसे वापस मांगे तो इस महिला ने कहा कि यह पैसे तो रिश्ता ढूंढने में ही खर्च हो गए, अब कैसे पैसे।
वहीं इस तरह का एक और मामला सामने आया है। इसमें एक आदमी नंदी बैल लेकर घर-घर घूम रहा था तथा लोगों का भविष्य बता रहा था। लड़के की शादी के लिए परिवार ने उसकी बातों में आकर एक गाय को चांदी के सींग व पैरों के लिए कड़े पहनाए तथा क्विंटल चारा गऊशाला में दान कर दिया। सारे उपाय करने के बाद भी लाभ नहीं हुआ। अब परिवार को पता चला कि वह भी ठगी का शिकार हो चुका है। हालांकि अभी तक मामलों की सूचना पुलिस के पास नहीं पहुंची है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here