Solan: शरारती तत्वों ने पूर्व सीएम के नाम की शिलान्यास पट्टिका तोड़ी, PWD की शिकायत पर FIR दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 03:51 PM (IST)
अर्की (सुरेंद्र): साेलन जिला के अर्की उपमंडल में शरारती तत्वों द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने का मामला सामने आया है। यहां सरयांज-बाड़ीधार से ऊपरली पम्बड़ सड़क पर लगी शिलान्यास पट्टिका को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया है। यह शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया गया था। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार की शिकायत पर अर्की पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सहायक अभियंता राजेश कुमार जब विभागीय सड़कों का निरीक्षण कर रहे थे तो उन्होंने देखा कि शिलान्यास पट्टिका (आधारशिला) टूटी हुई हालत में थी। यह सड़क लोक निर्माण विभाग अर्की के अधीन है। घटना की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
डीएसपी अर्की संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की शिकायत पर सार्वजनिक संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

