बिलासपुर सदर से पूर्व विधायक बाबू राम गौतम का निधन, CM सुक्खू ने जताया शोक

punjabkesari.in Monday, Oct 20, 2025 - 10:55 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक और जनसेवा को समर्पित बाबू राम गौतम का रविवार शाम उनके निजी निवास पर लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया। उनका जाना बिलासपुर ही नहीं, बल्कि हिमाचल की राजनीतिक और सामाजिक बिरादरी के लिए एक बड़ी क्षति है। डॉ. गौतम ने न सिर्फ विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि प्रशासनिक दक्षता और निस्वार्थ समाज सेवा के लिए भी हमेशा याद किए जाएंगे।

हाल ही में, उन्होंने एम्स बिलासपुर में भी अपना इलाज कराया था। बाबू राम गौतम के राजनीतिक जीवन की शुरुआत बेहद सफल रही। उन्होंने साल 1985 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सदा राम को पराजित कर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, 1990 के चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया और मेजर शिवराम को प्रत्याशी बनाया। उस समय प्रदेश में शांता कुमार के नेतृत्व वाली सरकार बनी, जो जल्द ही सत्ता से बाहर हो गई।

इसके बाद, 1993 के मध्यावधि चुनाव में बाबू राम गौतम को फिर से पार्टी का विश्वास मिला। लेकिन इस बार उनका मुकाबला भाजपा के दिग्गज नेता जगत प्रकाश नड्डा से हुआ और वह मात्र 22 वोटों के बेहद कम अंतर से हार गए। 1998 के चुनाव में भी उन्होंने किस्मत आजमाई, पर नड्डा के सामने उन्हें एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा।

 

राजनीति में सक्रियता के दौरान, वह 1998 से पहले हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष जैसे महत्त्वपूर्ण पद पर भी रहे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News