शहीद की पत्नी से 32 लाख की ठगी मामले में पूर्व बैंक अधिकारी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 15, 2019 - 10:31 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल में शहीद सैनिक की पत्नी के खाते से 32 लाख रुपए गायब होने के मामले में पुलिस ने बैंक के एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने रविवार को नेरचौक से आरोपी को धर दबोचा। आरोपी ने पंजाब नैशनल बैंक की बंजार शाखा में महिला के खाते से वर्ष 2011 से लेकर 2014 के बीच 32 लाख रुपए गायब कर दिए थे। इसकी महिला ने बंजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार गांव चेत्थर की रहने वाली शहीद सैनिक की पत्नी को पति की शहादत के बाद ये राशि मिली थी। इसकी महिला ने पैंशन खाते के साथ बेटे के नाम पर एफडी करवाई थी। आरोप है कि यह राशि बैंक के एक कर्मचारी ने धोखे से अपने खाते में ट्रांसफर कर ली और राशि निकालता भी रहा। जब यह मामला उजागर हुआ तो महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बंजार थाने में आई.पी.सी. 409, 420 के तहत मामला दर्ज किया गया।

रविवार को बैंक के पूर्व कर्मचारी धर्म लाल (54) निवासी गांव अपर पंडोह जिला मंडी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मंडी जिला के कोलहाड़ में परिवार के साथ रह रहा था लेकिन वह पुलिस गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। डी.एस.पी. बंजार बिन्नी मिन्हास नेे बताया कि शहीद सैनिक की पत्नी ने बंजार थाने में मामला दर्ज करवाया था। छानबीन के पश्चात आरोपी को मंडी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है तथा कल आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News