हिमाचल के कांगड़ा में 3 महिला वन मित्रों पर हमला करने के आरोप में वन रक्षक गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला?
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 10:56 AM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लापियाना वन उपमंडल में ड्यूटी के दौरान तीन महिला वन मित्रों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने के आरोप में एक वन रक्षक को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, घटना का संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपी को निलंबन अवधि के दौरान धर्मशाला वन प्रभाग से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है। धर्मशाला के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अमित शर्मा ने बताया कि यह घटना 27 मई को हुई, जब वन रक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में ड्यूटी पर था। शर्मा ने कहा कि उसने कथित तौर पर लापियाना क्षेत्र में काम कर रही महिला वन मित्रों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं ने आपत्ति जताई तो कहासुनी हुई और इस दौरान वन रक्षक ने कथित तौर पर उन पर हमला किया।
डीएफओ ने कहा कि हमले में तीन महिलाएं घायल हो गईं और उन्होंने पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वन विभाग ने अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू कर जांच लंबित रहने तक उसे निलंबित कर दिया।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

