Kullu: अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में लोक नृत्य प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन 20 दलों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

punjabkesari.in Tuesday, Oct 15, 2024 - 02:31 PM (IST)

कुल्लू (गौरीशंकर): अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के तीसरे दिन लोक नृत्य प्रतिस्पर्धा का आगाज हो गया है। इस प्रतियोगिता में जिला कुल्लू की विभिन्न घाटियों और क्षेत्रों से युवा और महिला मंडल भाग ले रहे हैं। पहले दिन की प्रतिस्पर्धा में कुल 20 सांस्कृतिक दलों ने अपने-अपने क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक पेश की। प्रतियोगिता के दौरान महिला और पुरुष कलाकारों ने पारंपरिक लुक में मंच पर उतरकर पुरातन संस्कृति के दर्शन करवाए। इस दौरान कलाकेंद्र में दिनभर पुरानी संस्कृति की झलक देखने को मिली, जहां महिला एवं पुरुषों ने पारंपरिक पहनावे में नृत्य किया।

इन सांस्कृतिक दलों ने लिया भाग
लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित लोक नृत्य प्रतियोगिता में हिम दर्शन महिला मंडल डोघर बंजार, महिला मंडल सरस्वती शाला, लक्ष्मी महिला मंडल रोलगी मौहल, हंसपुरी महिला मंडल मनहार बंजार, पंचाली महिला मंडल शोढ़ाधार श्यामनगर, सरोज महिला मंडल रोगणा, देवता जन्जू नारायण महिला मंडल दन्धार, सरस्वती महिला मंडल लोअर प्रेमनगर, देवभूमि महिला मंडल जनाहल, मां तोतला महिला मंडल धाराखरी, महिला मंडल विकासशीला एसएचजी कनौन, नव दुर्गा महिला मंडल कदैणी, महिला मंडल जय पराशर ऋषि देथला, महिला मंडल नथाण भेखली, भुवनेशवरी महिला मंडल कलाडा, शिव शक्ति महिला मंडल नारगी, भद्राकाली महिला मंडल शेगलीधार, वशिष्ठ कला संगम मथियाना मनाली, कश्यप नारायण युवक मंडल बनोगी, ऋषि युवक मंडल देवाधार शियाह आदि महिला एवं युवक मंडलों ने अपनी प्रस्तुति दी।

पुराने गीत और नाटी रही आकर्षण
प्रतियोगिता के दौरान कलाकारों ने पुराने लुप्त होते गीतों को भी प्रस्तुत किया। कई सांस्कृतिक दलों ने चोला टोपा और कुल्लवी पट्टू पहनकर नृत्य किया। महिलाओं ने चंद्रहार, चाक, बाली, कनवाले, बाजूबंद, टीका सहित धाठू पहनकर नाटी पेश की, जिससे लुप्त होती लोक संस्कृति का एक जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।

4 दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता
यह लोक नृत्य प्रतियोगिता कुल 4 दिनों तक चलेगी, जिसमें 80 से अधिक सांस्कृतिक दलों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता में हर दिन पहले स्थान पर आने वाले सांस्कृतिक दल को रात्रि कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलेगा। अंतिम दिन प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले दलों का चयन किया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News