Mandi: बाजार में दिनदहाड़े भड़की आग....लपटों में घिरीं सब्जी और कपड़े की दुकानें, लाखों रुपए का नुक्सान
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 05:06 PM (IST)
चौंतड़ा (मुकेश): मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चौंतड़ा के बीड़ रोड बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े अचानक आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में एक सब्जी और एक कपड़े की दुकान आग की चपेट में आ गई, जिससे प्रभावित दुकानदारों को लगभग 3 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले सब्जी विक्रेता मुनीष कुमार की दुकान के पिछले हिस्से में भड़की। वहां खाली गत्ते और प्लास्टिक के क्रेट रखे हुए थे, जिन्होंने तेजी से आग पकड़ ली। हवा और ज्वलनशील सामग्री के कारण देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और साथ ही स्थित कपड़े की दुकान तक पहुंच गईं।
इस घटना में कपड़े की दुकान की मालकिन रूपा भाटिया को सबसे अधिक आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ा है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद बाजार के अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने गजब की हिम्मत दिखाई। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कपड़े की दुकान से काफी माल सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे नुक्सान का आंकड़ा और बढ़ने से रुक गया।
आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद जोगिंद्रनगर और बैजनाथ से दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। घटना के बाद प्रशासन की ओर से तलकेहड़ के पटवारी अक्षय कुमार और अजय कुमार ने मौके का जायजा लिया और नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंप दी है। वहीं, चौंतड़ा पुलिस चौकी की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
इस घटना पर दुख जताते हुए बीड़ रोड बाजार के प्रधान बलवीर कुमार और भाजपा चौंतड़ा मंडल के अध्यक्ष प्रवीन कुमार ने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार से अपील की है। उन्होंने मांग की है कि घटना में प्रभावित दोनों परिवारों को जल्द से जल्द उचित वित्तीय सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे अपना रोजगार दोबारा खड़ा कर सकें।

