अम्ब में पशुशाला में अग्निकांड: 2 बकरियों की मौत, गाय-भैंस झुलसीं
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 02:54 PM (IST)
अम्ब, (अश्विनी): अम्ब से सटे गांव कुठेड़ा खैरला के वार्ड नंबर-2 में पशुशाला में आग लगने का मामला सामने आया है। इस हादसे में 2 बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से तथा एक गाय आंशिक रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सायं सुल्तान अली पुत्र नूरदीन निवासी महाल कुठेड़ा की पशुशाला में अचानक आग लग गई।
आग लगने से पशुधन को भारी नुक्सान पहुंचा है। घायल पशुओं का उपचार करवाया जा रहा है। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई है। घटना की सूचना मिलने पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से नुक्सान का आकलन कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार अधिक से अधिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। तहसीलदार अम्ब नरेश पटियाल ने बताया कि पीड़ित को फौरी राहत के रूप में 5 हजार रुपए की मदद की है। प्रशासन ने पशुपालन विभाग से भी घायल पशुओं के उपचार को लेकर संपर्क किया जिस पर पशुपालन विभाग डाक्टर ने मौके पर पहुंचकर पशुओं का उपचार शुरू कर दिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

