Shimla: फोरलेन के निर्माण में लगे 2 मजदूर गुटों में मारपीट, 2 घायल

punjabkesari.in Saturday, Nov 30, 2024 - 10:01 AM (IST)

शिमला, (संतोष): राजधानी शिमला के साथ चल रहे फोरलेन कार्य के बीच में 2 मजदूर गुटों के बीच हुई मारपीट में 2 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें आई.जी.एम.सी. शिमला में भर्ती करवाकर उपचार दिया जा रहा है। इसमें एक गुट कश्मीरी मूल का है, जबकि दूसरा स्थानीय है। इस मामले को लेकर सोशल नैटवर्किंग साइट्स पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दी जा रही है और मामला सुर्खियों में आ गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है, जानकारी के अनुसार भट्टाकुफर में चल रहे फोरलेन साइट पर मजदूरों के 2 गुटों में मारपीट हुई है, जिसमें 2 मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए आई.जी.एम.सी. ले जाया गया है।

बताया जाता है कि फोरलेन साइट पर एक निजी कंपनी के करीब 6 मजदूर काम कर रहे थे और इसी बीच दूसरी कंपनी के मजदूर भी वहां पर पहुंच गए। यहां कश्मीरी मूल के इन मजदूरों ने पहले से काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। काफी देर तक दोनों तरफ से लड़ाई होती रही। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से यहां पर घायल हुए 2 मजदूरों को आई. जी. एम. सी. शिमला अस्पताल पहुंचाया गया।

मारपीट में घायल हुए मजदूरों की पहचान महासू राम और रामलाल के रूप में हुई है, जिन्हें सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इनके बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। मजदूर भीम प्रकाश ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। 

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News