भीषण अग्निकांड : पलभर में राख के ढेर में बदला 3 मंजिला मकान, लाखों का नुक्सान

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2017 - 05:59 PM (IST)

कुमारसैन: उपमंडल कुमारसैन के कोटगढ़ उपतहसील की ग्राम पंचायत मधावनी के  खल्टूधार गांव में शुक्रवार रात्रि एक मकान भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड की भेंट चढ़े 3 मंजिला मकान में कुल 14 कमरे थे इसके अलावा एक गाऊशाला भी जल गई। इस घटना से करीब 50 लाख का नुक्सान हुआ बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार खल्टूधार के गुरध्यान सिंह भैक के मकान में रात्रि करीब पौने 12 बजे आग लगी। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ग्रामीणों ने मकान को बचाने की पुरजोर कोशिश की लेकिन लकड़ी के बने मकान में तेजी से फैली आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
PunjabKesari
घटना के समय मकान में सो रहा था परिवार 
घटना के समय घर पर 88 वर्षीय गुरध्यान सिंह, उनकी पत्नी जयादेवी, बहू रजनी व पोती अपशा सो रहे थे। आग लगने की जानकारी सबसे पहले उनकी बहू को लगी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया व घर से गुरध्यान भैक व उनकी पत्नी को सकुशल बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घर से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला लिया लेकिन लकड़ी से बने मकान में आग तेजी से फैल गई व देखते ही देखते पूरा मकान कुछ क्षणों में ही स्वाह हो गया। कुमारसैन से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची व मकान में लगी आग को बुझाया। मकान सड़क से 300 मीटर नीचे था, ऐसे में फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक मकान पूरी तरह से जल चुका था।
PunjabKesari
एस.डी.एम. ने दी फौरी राहत
प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. कुमारसैन नीरज गुप्ता व तहसीलदार डी.एस. कौशल ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर एस.डी.एम. नीरज गुप्ता ने प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपए की राशि, 9 कंबल व 2 तिरपाल फौरी राहत के रूप में भेंट किए। उन्होंने अग्निकांड में प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता मुहैया करने की बात भी कही, साथ ही उन्होंने तहसीलदार व पटवारी को नुक्सान की रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के आदेश भी दिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News