Fatehpur : सुनेट पंचायत में बना रिकॉर्ड, हेमराज की पत्नी सुनीता देवी बनीं प्रधान
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 04:16 PM (IST)
फतेहपुर : हिमाचल प्रदेश में 1,276 पंचायतों के लिए ग्रामीण निकाय चुनाव के दूसरे चरण में गुरूवार को करीब 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं, कांगड़ा जिले की फतेहपुर विधानसभा के अंतर्गत सुनेट पंचायत से सुनीता देवी रिकॉर्ड मतों से प्रधान पद का चुनाव जीत गई हैं।

सुनीता ने कुल 652 वोट हासिल किए, जबकि दूसरे नंबर पर नीलम देवी रही, जिन्हें 363 वोट पड़े। सुनीता देवी ने 289 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सुनेट पंचायत में यह पहली बार हुआ है कि किसी प्रधान पद के प्रत्याशी को इतने ज्यादा वोट मिले, जोकि एक रिकॉर्ड है।

वहीं, सुनीता देवी के प्रधान बनने पर सुनेट पंचायत में खुशी की लहर है। सुनीता ने अपनी जीत को पंचायतवासियों की जीत करार देते हुए कहा कि वह गांव की तरक्की के लिए हमेशा आगे रहेंगी और अपने गांववासियों की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी। उनके पति हेमराज ने मतदाताओं का शुक्रिया करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों के साथ खड़े रहेंगे और पंचायत का विकास करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

