बेसहारा पशुओं से किसान परेशान, पहरा देने को मजबूर लोग

punjabkesari.in Sunday, Apr 04, 2021 - 11:31 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो) : सरकार बेशक बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए कई योजनाओं को धरातल पर लाने का प्रयास कर रही है, लेकिन यह समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। समस्या का स्थायी समाधान न होने से किसान ही नहीं बल्कि अन्य लोग भी परेशान हैं। कई गांवों में लोग बेसहारा पशुओं के आतंक का शिकार हो चुके हैं। साथ ही अब खेतीबाड़ी से मुंह भी मोड़ने लगे हैं। इन दिनों बेसहारा पशुओं की आमद इतनी हो गई है कि सड़क पर जमाबड़ा लगा रहता है। इसके बावजूद दिन ढलते ही कई बेसहारा पशु खेतों में घुसकर फसलों को चट कर रहे हैं। धर्मशाला के साथ लगते गांवों के लोगों नरेश, सुरेश, किशोरी लाल, मस्त राम आदि का कहना है कि अब उनकी फसल खड़ी हो गई है और अब उन्हें बेसहारा पशुओं से अपनी फसल को बचाने के लिए रात को टीहरी पहरे देने पड़ रहे है ताकि बेसहारा पशु उनकी फसल को न खाएं।

सड़क हादसों को भी दे रहे न्यौता

बेसहारा पशुओं ने गांव के वाशिदों के साथ-साथ सड़क में चलने वाले वाहन चालकों की भी परेशानी बढ़ा दी है। यहां बेसहारा पशु न केवल किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि सड़क हादसों को भी न्यौता दे रहे हैं। दोपहर व रात के समय सड़क किनारे खड़े ये पशु दिखते हैं और इस कारण कई बार सड़क हादसे हो जाते हैं। व्यस्त राजमार्ग होने के चलते यहां एकाएक बेसहारा पशुओं के कारण कई बार जाम लग जाता है, जिससे घंटों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। यही नहीं कई बार तो पशु सड़क के किनारों पर बैठ जाते हैं और कई बार भागते हुए सड़क के बीचोंबीच आ जाते हैं, इस कारण वाहन चालकों को अपने वाहन नियंत्रण करने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक संजीव धीमान का कहना है कि बेसहारा पशुओं के लिए गौसदनों का निर्माण किया गया है। बेसहारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News