Mandi: मंदिर से लाैटते वक्त जंगल में खाे गया पूरा परिवार, फिर रातभर चला रैस्क्यू ऑप्रेशन और सुबह मिली खुशखबरी

punjabkesari.in Friday, Oct 24, 2025 - 02:30 PM (IST)

मंडी (रजनीश): जंजहैली की प्रसिद्ध शिकारी माता घाटी के घने जंगलों में रास्ता भटका परिवार सुरक्षित मिल गया है। डडौर निवासी यह परिवार मंदिर से लौटते समय घने कोहरे और अंधेरे के कारण मुख्य मार्ग से भटक गया था। रात भर चले सघन खोज और बचाव अभियान के बाद आज सुबह करीब 6:30 बजे सभी सदस्यों को टंग्राल नाला के पास सकुशल ढूंढ लिया गया। परिवार के सुरक्षित मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार डडौर निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार अपने परिवार के 7 अन्य सदस्यों और अपनी एक पूर्व छात्रा आरती के साथ बीते दिन शिकारी माता मंदिर गए थे। वापसी में शाम करीब 7:30 बजे वे रास्ता भटक गए। जब देर रात तक वे वापस नहीं लौटे तो जंजहैली के उपप्रधान भीम सिंह ने पुलिस को सूचित किया।
PunjabKesari

सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसडीएम थुनाग मनु वर्मा स्वयं मौके पर पहुंचीं और पूरी रात बचाव अभियान की निगरानी करती रहीं। शुरूआत में पुलिस, राजस्व विभाग, होम गार्ड और स्थानीय स्वयंसेवकों की तीन अलग-अलग टीमें बूढ़ाकेदार, रायगढ़ और देज्जी की ओर भेजी गईं, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के माध्यम से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम रात 2 बजे रुहाड़ा क्षेत्र में पहुंची और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ खोज अभियान शुरू किया। प्रशासन और विभिन्न बचाव दलों के समन्वय और अथक प्रयासों के चलते सुबह लगभग 6:30 बजे परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। सभी सदस्य स्वस्थ हैं और अपने घर लौट चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News