Sirmaur News: नहाते समय अचेत होकर गिरे और थम गईं भाजयुमो नेता की सांसें, घर में मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 07:56 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिले के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के 40 वर्षीय युवा नेता और भाजयुमो पदाधिकारी जय प्रकाश ठाकुर का बुधवार को अचानक निधन हो गया। मौत इतनी रहस्यमयी और अचानक थी कि जिसने भी यह खबर सुनी, उसे यकीन ही नहीं हुआ, क्योंकि परिजनों के अनुसार जय प्रकाश पूरी तरह से स्वस्थ थे और उन्हें कोई बीमारी नहीं थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जय प्रकाश ठाकुर सुबह अपने घर में नहाने के लिए बाथरूम गए थे। इसी दौरान नहाते वक्त वह अचानक अचेत (बेहोश) होकर जमीन पर गिर पड़े। जब परिजनों को इसका पता चला, तो घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घबराए हुए परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल संगड़ाह लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं डॉ. विक्रांत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण हृदयाघात प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। 40 साल की कम उम्र में युवा नेता के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे संगड़ाह इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News