Himachal: जम्मू-कश्मीर के डाेडा में 10 जवानों के बलिदान पर भावुक हुए पूर्व CM जयराम ठाकुर, कही ये बड़ी बात

punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 04:45 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 वीर जवानों की शहादत और कई सैनिकों के घायल होने की खबर पर उन्होंने अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

जयराम ठाकुर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने लिखा कि "जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में 10 वीर जवानों के बलिदान और कई सैनिकों के घायल होने का समाचार हृदय विदारक है।"

नेता प्रतिपक्ष ने दुख की इस घड़ी में शहीद हुए जवानों को नमन करते हुए लिखा कि "मैं शहीद हुए सभी वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव कृतज्ञता और सम्मान के साथ स्मरण करेगा। पूरा देश इस मुश्किल समय में जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News