Sirmour: छोटे को बचाने खड्ड में कूदा बड़ा भाई, दोनों की मौत

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 04:02 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिले में 2 सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में सामने आया है। इस हादसे में एक साथ घर के 2 चिराग बुझ गए। बताया जा रहा है कि बड़ा भाई अपने छोटे भाई को बचाने के लिए पानी में कूद गया था, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के चलते दोनों की जान नहीं बच सकी।

जानकारी के अनुसार देवामानल गांव निवासी 8 वर्षीय आयन और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव गांव के समीप खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय अचानक आयन का पैर फिसल गया और वह खड्ड के गहरे पानी में जा गिरा। छोटे भाई को डूबता देख अभिनव बिना कुछ सोचे-समझे पानी में कूद पड़ा। बताया जा रहा है कि खड्ड में पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। उसके बाद तुरंत एम्बुलैंस की सहायता से दोनों को नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से फौरी राहत प्रदान की जा रही है। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायस्थ ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि इन दिनों बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने के कारण नदी-नालों और खड्डों के किनारे विशेष सावधानी बरतें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News