मंडी शिक्षा उत्थान समिति बनी सहारा, 312 बच्चों की उच्च शिक्षा पर खर्चे 12 लाख रुपए

Thursday, Aug 01, 2019 - 06:55 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी शिक्षा उत्थान समिति ने अब तक 12 लाख रुपए की राशि खर्च करके 312 जरूरतमंद बच्चों को उच्च शिक्षा मुहैया करवाई है। समिति का यह सिलसिला इसी प्रकार से जारी है। वीरवार को मंडी में करीब एक वर्ष बाद संपन्न हुई समिति की बैठक में ए.डी.सी. मंडी आशुतोष गर्ग ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में जिला प्रशासन ने अपने स्तर पर शिक्षा उत्थान समिति का गठन किया था। समिति का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद पहुंचाना है। समिति की गतिविधियों को और बेहतर तरीके से चलाने के लिए अगली बैठक में गवर्निंग बॉडी का गठन किया जाएगा और एक मैनेजिंग टीम बनाई जाएगी। इससे समिति के कामकाज को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। समिति हर 3 महीने में बैठक करेगी।

जरूरतमंद बच्चों और दानी सज्जनों से की जुड़ने की अपील

इस मौके पर ए.डी.सी. मंडी ने सभी जरूरतमंद बच्चों और दानी सज्जनों से समिति से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा किसी भी बच्चे को शिक्षा के लिए मदद की जरूरत हो तो मामला समिति के ध्यान में लाएं। जो लोग बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद करने के इच्छुक हों वे संबंधित एस.डी.एम. से मिलें। इसके अलावा डी.सी. कार्यालय या सचिव जिला रैडक्रॉस सोसायटी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

जिला में छेड़ा जाएगा 3 महीने का महाअभियान

उन्होंने बताया कि मंडी शिक्षा उत्थान समिति का कुनबा और पहुंच बढ़ाने के लिए जिला में 3 महीने का महाअभियान छेड़ा जाएगा। इसके तहत जनता और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से जिलाभर में अधिक से अधिक लोगों को समिति से जोड़ा जाएगा। समिति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार के सभी माध्यमों का प्रयोग किया जाएगा।

बैठके में ये रहे उपस्थित

बैठक में एस.डी.एम. जोगिंद्रनगर अमित मेहरा, एस.डी.एम. बल्ह आशीष शर्मा, सहायक रजिस्टार को-ऑप्रेेटिव सोसायटी रजनीश कुमार, जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओ.पी. भाटिया, समिति के संस्थापक सदस्य राजा सिंह मल्होत्रा, मातुल मल्होत्रा, सुधांशू कपूर, रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर व खत्री सभा मंडी के अध्यक्ष सहित गैर-सरकारी, सरकारी सदस्य और विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Vijay