Earthquake: हिमाचल में आया 4.0 तीव्रता वाला भूकंप, इन 5 जिलों में महसूस हुए झटके
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 11:36 AM (IST)
शिमला: भूकंपीय दृष्टि से अति संवेदनशील माने जाने वाले हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर धरती डोलने से दहशत का माहौल बन गया। बुधवार तड़के प्रदेश की राजधानी शिमला सहित 5 जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 4.0 दर्ज की गई है। राहत की बात यह रही कि झटकों की अवधि बेहद कम थी, जिसके चलते प्रदेश के किसी भी हिस्से से जानमाल के नुक्सान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
3 सैकेंड तक कांपी धरती
मौसम विज्ञान केंद्र और भूकंप विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप के यह झटके सुबह ठीक 5 बजकर 46 मिनट पर दर्ज किए गए। जमीन के भीतर हुई इस हलचल का असर सतह पर करीब तीन सैकेंड तक महसूस किया गया। 4.0 की मध्यम तीव्रता होने के बावजूद झटके इतने स्पष्ट थे कि गहरी नींद में सो रहे लोगों की आंखें खुल गईं। भूकंप का दायरा काफी विस्तृत था। राजधानी शिमला के अलावा निचले और मध्य हिमाचल के सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिलों के कई शहरी व ग्रामीण इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया।
प्रशासन सतर्क, नुक्सान की कहीं से कोई सूचना नहीं
भूकंप के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। सभी प्रभावित जिलों के उपायुक्त कार्यालयों और पुलिस नियंत्रण कक्षों से प्रारंभिक रिपोर्ट ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक कहीं से भी किसी प्रकार की हानि की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। फिर भी एहतियात के तौर पर दूरदराज के इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

