मीडिया कर्मी बताकर 2 स्कूलों से यह कहकर वसूले लाखों रुपए, 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2024 - 09:50 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते क्षेत्रों में स्थित 2 निजी स्कूलों के चेयरमैन से खबरों के नाम पर जबरन राशि मांगने वाले 2 युवकों को विजीलैंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने स्वयं को मीडिया कर्मी बताकर झूठी व अपमानजनक खबर को प्रकाशित न करने की एवज में दोनों स्कूलों से 50-50 हजार रुपए की डिमांड की थी। इसके खिलाफ स्कूल चेयरमैन ने विजीलैंस पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्त्ता ने कहा था कि मृत्युजंय तथा राकेश भारद्वाज ने अलग-अलग सोशल मीडिया न्यूज चैनल के लिए काम करने का दावा किया था। 

दोनों आरोपी व्यक्तियों ने शिकायतकर्त्ताओं को उनके स्कूलों के बारे में झूठी और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने की धमकी दी और फर्जी खबर न फैलाने के लिए प्रत्येक से 50-50 हजार रुपए मांगे। शिकायत के आधार पर विजीलैंस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से 25-25 हजार रुपए नकद और 25-25 हजार रुपए के चैक बरामद किए गए हैं। एसपी विजीलैंस धर्मशाला बलबीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News