Kangra: डीएलएड की खाली सीटें भरने को 4 फरवरी से शुरू होगा काऊंसलिंग का दूसरा चरण

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 06:05 PM (IST)

धर्मशाला (विवेक): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों में डीएलएड सत्र 2025-2027 की रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की काऊंसलिंग का शैड्यूल जारी किया है। इस बारे बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी दी है कि प्रथम चरण के बाद अभी भी कुल 697 सीटें खाली हैं। इनमें 321 अनुदानित (सब्सिडाइज्ड) और 376 गैर-अनुदानित (नॉन-सब्सिडाइज्ड) सीटें शामिल हैं, जिन्हें योग्यता सूची के आधार पर भरा जाना है। उन्होंने बताया कि काऊंसलिंग के लिए पहला प्रथम राऊंड 4 से 7 फरवरी तक चलेगा।

काऊंसलिंग प्रक्रिया बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में प्रात: 10 बजे से आयोजित होगी, जिसमें पहले दिन 44 या उससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके बाद क्रमश: 41-43, 38-40 और 35-37 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भाग लेंगे। यदि इसके बाद भी सीटें शेष बचती हैं, तो 10 से 12 फरवरी तक द्वितीय राऊंड होगा, जिसमें न्यूनतम 27 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों तक को अपनी दावेदारी पेश करने का अवसर मिलेगा। डॉ. राजेश ने बताया कि बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे वैबसाइट पर उपलब्ध बायोडाटा फॉर्म भरकर ही मुख्यालय पहुंचें।

सीटों का आबंटन योग्यता के आधार पर केवल एक बार ही किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे संस्थान का चयन सोच-समझकर करें। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि यदि सीटें पहले भर जाती हैं तो काउंसलिंग प्रक्रिया उसी दिन समाप्त कर दी जाएगी। किसी भी प्रकार की दुविधा की स्थिति में अभ्यर्थी बोर्ड के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News