Hamirpur: बाबा बालक नाथ की नगरी में फरवरी माह के पहले रविवार को पहुंचे 5,000 श्रद्धालु
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 05:17 PM (IST)
दियोटसिद्ध (रजत): बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू एवं देश-विदेश से लगभग 5,000 श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचे। वहीं बाबा जी के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके मद्देनजर मंदिर प्रशासन द्वारा उचित कदम उठाए गए थे। इस अवसर पर अतिरिक्त मंदिर अधिकारी सूरम सिंह ने बताया कि बाबा जी के दरबार में फरवरी माह के पहले रविवार को 5,000 के करीब भक्त पहुंचे। उन्होंने बताया कि रविवार को दरबार हर रोज की भांति प्रात: 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था। इस दौरान तकरीबन 1 घंटा लाइन में लगने के पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा जी का दीदार किया। वहीं दियोटसिद्ध पुलिस चौकी प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि रविवार को यहां अतिरिक्त होमगार्ड के जवान बुलाए गए थे, जिनकी ड्यूटी बैरियर पर लगाई गई थी।
गौर रहे कि रविवार को बाबा जी के दर्शन करने के लिए कई श्रद्धालु शनिवार रात्रि का ठहराव बाबा जी की नगरी दियोटसिद्ध में ही करते हैं, जिसको ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के रात्रि ठहराव की सुविधा हेतु 9 सरायों का निर्माण करवाया गया है व उनके दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए हर समय खुले रखे जाते हैं। वहीं मंदिर प्रशासन द्वारा जगह-जगह शुद्ध पेयजल के साथ रोजाना दोपहर व शाम के समय लंगर की व्यवस्था भी की जाती है।

