Hamirpur: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया आरसेटी के प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 01:50 PM (IST)
भोरंज। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत भकेड़ा के गांव भैरवीं जट्टां में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस शिविर में लगभग 30 महिलाओं को मोमबत्ती और अन्य उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आरसेटी की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर में ही उद्यम स्थापित करके अपना कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इसमें वे विभिन्न बैंकों की ऋण योजनाओं की मदद भी ले सकती हैं।
इससे पहले, जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, आरसेटी के निदेशक अजय कतना, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, किरण कुमारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

