Kangra: डिप्टी CM ने 5 नई इलैक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, फिना सिंह प्रोजैक्ट को लेकर किया बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 07:20 PM (IST)

नूरपुर (राकेश): हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप से 5 नई इलैक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन अत्याधुनिक बसों को पठानकोट डिपो के बेड़े में शामिल किया गया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जसूर वर्कशॉप के आधुनिकीकरण और सुधार के लिए 1 करोड़ रुपए देने की भी अहम घोषणा की।

इन 5 लंबे रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक इलैक्ट्रिक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडासीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर अपनी सेवाएं देंगी। इन बसों के सुचारू और निर्बाध संचालन के लिए जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा चुके हैं।

एचआरटीसी में होगी ड्राइवर-कंडक्टरों की भर्ती, बेड़े में शामिल होंगी 1450 नई बसें
परिवहन विभाग को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी में जल्द ही 300 ड्राइवरों और 300 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही निगम के बेड़े को मजबूत करने के लिए 1,000 नई इलैक्ट्रिक बसें शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 200 हाईड्रोजन बसें और 250 नई डीजल बसें भी खरीदी जाएंगी।

फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपए मंजूर
जल शक्ति विभाग के कार्यों का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से लंबित करीब 650 करोड़ रुपए की महत्वकांक्षी फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपए की राशि मंजूर करवा ली गई है। उन्होंने इसे स्वर्गीय सत महाजन का ड्रीम प्रोजैक्ट बताते हुए कहा कि इस परियोजना का निर्माण कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा, जो उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

नूरपुर में चल रहे 77.50 करोड़ के विकास कार्य
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए 42.50 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और 35 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। इस कार्यक्रम के दौरान राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, पूर्व विधायक अजय महाजन सहित एचआरटीसी और स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News