डिप्टी सीएम ने परवाणू से कैथलीघाट तक बने फोरलेन के निर्माण पर उठाए सवाल, जानिए क्या कहा

punjabkesari.in Saturday, Aug 12, 2023 - 10:08 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परवाणू से कैथलीघाट तक बने फोरलेन के निर्माण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पत्थरों के लालच में पहाड़ों की अवैज्ञानिक कटिंग की गई है, जिस वजह से परवाणू से कैथलीघाट के बीच में भारी भूस्खलन हो रहा है। लोगों को अपनी जान हथेली पर रखकर सफर करना पड़ रहा है। उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि फोरलेन निर्माता कंपनियों ने पहाड़ों की गलत कटिंग कर दी। जब वह उद्योग मंत्री थे तो उन्होंने कंपनियों को चेताया था कि पहाड़ों से आप पत्थर निकालकर बाहरी राज्यों में भी भेज रहे हैं और सड़क के निर्माण पर भी लगा रहे हैं। इससे सड़क तो बन जाएगी लेकिन हिमाचल का बहुत नुक्सान होगा। आज वही हो रहा है। 

चंडीगढ़-शिमला एनएच हिमाचल की लाइफ लाइन
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चंडीगढ़-शिमला एनएच जब फोरलेन नहीं था तब तक कभी बंद नहीं हुआ। यह मार्ग हिमाचल की लाइफ लाइन है। इस मार्ग पर 10 से 12 ऐसे स्पॉट हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने चक्की मोड़ का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि चक्की मोड़ में स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से भी बातचीत की।

एचआरटीसी को प्रतिदिन हो रहा 30 से 35 लाख का नुक्सान
एचआरटीसी के घाटे पर चर्चा करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बारिश से बंद हो रहीं सड़कों की वजह से निगम को प्रतिदिन 30 से 35 लाख रुपए का नुक्सान हो रहा है। पहले ही निगम घाटे में है। अब इससे घाटा और बढ़ रहा है। जल शक्ति विभाग को करीब 1650 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात कर मांग की है कि कम से कम हिमाचल को 500 करोड़ रुपए ही जारी कर दें। ब्यास से खतरे से बचने के लिए चैनेलाइजेशन अब आवश्यक हो गया है। केंद्र को 1700 करोड़ रुपए की परियोजना बनाकर भेजी है। अब देखते हैं कि केंद्र कब तक बजट जारी करता है। 

उपमुख्यमंत्री ने बाइक में किया निरीक्षण 
उपमुख्यमंत्री ने चक्की मोड़ में एनएच का निरीक्षण किया। वहां पर लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए उनके काफिले को वहां पर रोकना ठीक नहीं था समझा, इसलिए काफिले को पीछे रोका गया और वह बाइक पर भूस्खलन वाली जगह पर पहुंच गए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News