भाखड़ा बांध के निकट फ्लाईओवर निर्माण में लापरवाही समझ से परे : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2023 - 12:12 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना को पंजाब से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर नंगल में बन रहा फ्लाइओवर न केवल नंगल के लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका है बल्कि ऊना के लोग भी इससे परेशान हो चुके हैं। अति महत्व वाले भाखड़ा बांध के नजदीकी क्षेत्र में निर्माण को लेकर ऐसी लापरवाही समझ से परे है। मुख्यमार्ग को कई माह से बंद करके रखा गया है और काम है कि पूरा ही नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर पंजाब सरकार से हिमाचल सरकार बात करेगी ताकि इस पुल का निर्माण तेजी से करवाकर सबको राहत पहुंचाई जा सके। ऊना में पत्रकार वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यहां लगने वाले महाजाम में हिमाचल आने वाले पर्यटक तो फंसते ही हैं वहीं स्कूलों को जाने वाले विद्यार्थी, कर्मचारी और पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाले मरीज भी घंटों तक फंसे रहते हैं।

पंजाब सरकार की विफलता से लटका प्रोजैक्ट
इसके पश्चात डिप्टी सीएम ने नंगल के निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। अजोली मोड़ पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि केन्द्र व पंजाब सरकार की विफलता से 5 वर्षाें से यह प्रोजैक्ट लटका हुआ है। हिमाचल से पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाले लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं। मरीज एम्बूलैंस में फंसकर यहां पर दम तोड़ रहे हैं। इस पर न तो केन्द्र सरकार गंभीर है और न ही पंजाब सरकार। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को भी जवाबदेह होना चाहिए। इसके साथ केंद्र के नेताओं को भी बताना चाहिए कि यह देरी क्यों हुई।

हिमाचल ऐलान-ए-जंग करेगा
डिप्टी सीएम ने कहा कि हिमाचल सरकार अब चुप नहीं बैठेगी और इसको लेकर एलान-ए जंग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आखिर क्यों 5 वर्षों से यह रास्ते बंद कर दिए गए हैं। सड़कें टूटी हैं और एचआरटीसी सहित हिमाचल से जाने आने वाले वाहनों को करोड़ों रुपए का नुक्सान हो रहा है। हिमाचल की बसों पर पथराव हो रहा है। यदि फ्लाईओवर नहीं बनना है तो उन रास्तों को खोलें जो बंद किए गए हैं।

बरसात से जलशक्ति विभाग को 1630 करोड़ नुक्सान
बरसात से अब तक प्रदेश में जलशक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को 1630 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है जबकि 15389 योजनाएं इसमें प्रभावित हुई हैं। विभाग की पूरी टीम ने अथक प्रयास किए और प्रदेश में कहीं भी पानी की सप्लाई को अधिक देर तक बाधित नहीं होने दिया। 

एचआरटीसी को 32 करोड़ का नुक्सान
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से एचआरटीसी को भी 30 से 32 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। सड़कों बंद होने से बसें नहीं चल पा रही हैं जिसके चलते किराये के तौर पर होने वाली आमदनी बंद है। इस समय निगम के 330 रूट बंद हैं और 89 रूट वीरवार को ही शुरू किए गए हैं। 100 बसें ऐसी हैं जोकि रास्ते बंद होने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फंसी हुई हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News