Una : "हरोली में जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर 500 करोड़ खर्च करने का लक्ष्य", बोले मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 04:31 PM (IST)

Una News : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार वर्तमान कार्यकाल में जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं पर 500 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उन्होंने 36 करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल और सिंचाई योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास  के साथ टाहलीवाल सीवरेज योजना का शिलान्यास किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में पेयजल उपलब्धता और खेतों की सिंचाई लंबे समय से समस्या रही है। इन्हें ध्यान में रखते हुए ऐसी योजनाओं पर काम किया जा रहा है, जो क्षेत्र की वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा कर सकें। लगभग 101 करोड़ रुपये की योजना के तहत करीब 136 पुराने ट्यूबवेलों की री-ड्रिलिंग की जा रही है। ये ट्यूबवेल पहले लगाए गए थे, लेकिन बाद में बंद हो गए या काम करना बंद कर गए। योजना में लगभग 50 नए जल भंडारण टैंकों के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का भी प्रावधान है।

'75 करोड़ से बीत क्षेत्र सहित पालकवाह से बटकलां तक की जमीन होगी सिंचित'

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना से बीत क्षेत्र के साथ पालकवाह और कर्मपुर से बटकलां तक की जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके लिए पालकवाह-कर्मपुर के आसपास मुख्य पंप हाउस बनाया जा रहा है। योजना में सौर ऊर्जा के उपयोग की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब तक 88 जल भंडारण टैंक तैयार किए जा चुके हैं और 50 अन्य टैंक बनाए जाएंगे। इससे पानी के भंडारण की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में पेयजल की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 100 करोड़ रुपये की एक अन्य योजना भी स्वीकृति के करीब है, जिससे पंडोगा क्षेत्र को लाभ मिलेगा। क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने, जल भंडारण के ढांचे तैयार करने और खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का काम लगातार किया जा रहा है।

"वित्तीय हितों पर भाजपा ने नहीं दिया साथ"

आपदा राहत राशि के उपयोग को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा का काम केवल आरोप लगाना रह गया है। प्रदेश की वित्तीय कठिनाइयों को दूर करने में विपक्ष ने सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी), जीएसटी मुआवजे और केंद्र से मिलने वाली अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता में कमी का प्रदेश के संसाधनों पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि संघीय व्यवस्था में राज्यों को करों में निर्धारित हिस्सा मिलता है। यह उनका अधिकार है, कोई खैरात नहीं। इसके बावजूद भाजपा ने प्रदेश के वित्तीय हितों से जुड़े मामलों में सहयोग नहीं किया। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार विकास की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा नेता विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास करते हैं, जबकि प्रदेश में विकास को गति देने में उनका कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में इस समय 18 पुलों का निर्माण किया जा रहा है और सभी छूटे हुए संपर्क मार्गों को जोड़ने का काम किया जा रहा है। पंडोगा-त्यूड़ी पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं को लेकर श्रेय लेने की राजनीति की जा रही है, जबकि केंद्र से मिलने वाली धनराशि में प्रदेश का भी निर्धारित हिस्सा शामिल होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News