Una: कांग्रेस नेता कर रहे ऑर्गैनाइज भ्रष्टाचार और अधिकारी भी कर रहे हाथ साफ : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 05:13 PM (IST)

ऊना (विशाल): प्रदेश में सरकार के संरक्षण में आर्गैनाइज तरीके से कांग्रेस नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है और अधिकारी भी इसमें हाथ साफ कर रहे हैं। यह बात जिला मुख्यालय पर पत्रकारवार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश भ्रष्टाचार का शिकार हो चुका है और हर विभाग में अलग लोग तय किए गए हैं।

किस विभाग को कौन डील करेगा यह पहले ही तय कर रखा गया है। हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त हो चुका है। धारा 118 की परमिशन के लिए पूर्व में उनकी सरकार द्वारा बिचौलियों को बाहर करने के लिए मैकेनिज्म बनाया गया था लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसको बंद कर दिया और पहले फाइलें रोकी जाती हैं और डील होने के बाद डी.सी. को फाइल आगे मूव करने के निर्देश दिए जाते हैं।

कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार किस स्तर पर चल रहा है इसका खुलासा मौजूदा सरकार के कैबिनेट मंत्री के पूर्व विधायक बेटे ने सोशल मीडिया पर बयान देकर किया था जिसमें पूर्व विधायक ने कहा था कि कांग्रेस सरकार द्वारा हिमाचल से रुपए से भरे अटैची दिल्ली भेजे जाते हैं। नेता विपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर में भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है और विशेष कम्पनी को फायदा पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के भाषणों से अब पेखूबेला सोलर प्रोजैक्ट गायब है और यह प्रोजैक्ट जमीन से भी गायब हो चुका है।

सबसे न्यूनतम आंकड़े पर सिमट जाएगी कांग्रेस
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व में पंचायती राज चुनावों को करवाने से कांग्रेस सरकार टलती रही और जब भाजपा ने अदालत का सहारा लिया तब जाकर चुनाव हो पाए जिसमें जनता ने पूरी तरह से भाजपा पर विश्वास जताया है। जिस तरह से प्रदेश की हालत कांग्रेस सरकार ने की है उससे हिमाचल 4 दशक पीछे चला गया है। आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अपने सबसे न्यूनतम आंकड़े तक सिमट जाएगी।

हिंदुस्तान को बंगलादेश मॉडल पर चलाने की कोशिश में है एक नेता
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता को लग रहा है कि उसके बाप, दादा, दादी प्रधानमंत्री रहे हैं तो इस कुर्सी पर उनका ही हक बनता है। उनकी कई बार असफल लांचिंग भी की गई। कुर्सी न मिलने का असर उनके दिमाग पर हो गया है और वह हिंदुस्तान को बंगलादेश मॉडल पर चलाने की कोशिश में है लेकिन वह यह भूल गए हैं कि भारत में नरेन्द्र मोदी हैं जोकि ऐसे मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News